घुग्घुस, चंद्रपुर : घुग्घुस पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चंद्रपुर–घुग्घुस महामार्ग पर पांढरकवडा स्थित महाराष्ट्र बैंक के एटीएम को अज्ञात चोरों ने गैस कटर की मदद से तोड़कर उसमें रखी दस लाख से अधिक की राशि चोरी कर ली थी। यह घटना 14 से 15 सितंबर 2025 की दरमियानी रात करीब 3:30 बजे हुई थी।
इस प्रकरण में अब पुलिस ने कुछ अज्ञात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जल्द ही आरोपियों पर मामला दर्ज किया जा सकता है।
घटना के दूसरे दिन, 15 सितंबर को बैंक मैनेजर ने चोरी की जानकारी पुलिस को दी और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। इसके बाद चंद्रपुर से डॉग स्क्वॉड, फिंगरप्रिंट और फॉरेन्सिक टीम, अपराध शाखा पुलिस तथा नागपुर की मनी काउंटिंग टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि वारदात की रात चोर सफेद रंग की बोलेरो वाहन से घटनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों को सफेद रंग के स्प्रे से निष्क्रिय किया और बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे पूरा परिसर अंधेरे में डूब गया। इसके बाद एटीएम रूम का शटर गिराकर गैस कटर से मशीन का ऊपरी हिस्सा काटा और लाखों की नकदी लूटकर फरार हो गए।
घुग्घुस पुलिस थाना क्षेत्र में एटीएम मशीन तोड़ने की यह दूसरी बड़ी घटना है। फिलहाल पुलिस की कई टीमें शातिर चोरों की तलाश में सक्रिय रूप से लगी हुई हैं और जल्द ही इस वारदात का पर्दाफाश होने की संभावना है।





