(प्रणयकुमार बंडी)
नकोडा (चंद्रपुर) – नकोडा गांव इन दिनों राजनीतिक हलचल के दौर से गुजर रहा है। गांव में बाहरी नेताओं का हस्तक्षेप लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों में चिंता और भय का माहौल व्याप्त है। हालात ऐसे बन रहे हैं कि कभी भी यहां तनाव या झगड़े की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
गांव में हाल ही में भंगार चोरी की घटनाओं में इजाफा हुआ है, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। आने वाले ग्राम पंचायत चुनाव को लेकर माहौल और भी तनावपूर्ण होता दिख रहा है। राजनीतिक गुटों के बीच आपसी कलह और झगड़ों का सिलसिला बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारों का कहना है कि सरपंच पद की दौड़ में कुछ लोग किसी भी हद तक गिरने को तैयार दिख रहे हैं। यह प्रतिस्पर्धा गांव की एकता और शांति के लिए खतरा बनती जा रही है।
स्थानीय लोगों का सवाल है कि क्या समय रहते पुलिस और प्रशासन अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में सफल होंगे, या फिर ग्रामीण राजनीति की इस खींचतान में आम जनता को ही शिकार होना पड़ेगा। फिलहाल, गांव की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई और आने वाले दिनों के राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।





