जशपुर, छत्तीसगढ़: जशपुर पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत 51 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त की है। यह कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत की गई, जहां पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय तस्कर को धरदबोचा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी राजस्थान का निवासी है और उसके कब्जे से कुल 6,588 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह शराब राज्य के बाहर से तस्करी कर लाई गई थी और इसे स्थानीय बाजार में खपाने की योजना थी।
जिला पुलिस अधीक्षक की निगरानी में की गई इस कार्रवाई के दौरान एक मालवाहक वाहन भी जब्त किया गया है, जिसमें शराब का परिवहन किया जा रहा था। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। ऑपरेशन ‘आघात’ के तहत पुलिस सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरत रही है।




