मेरठ, 16 जुलाई: सावन माह की शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा के दौरान जिले में भारी संख्या में कांवड़ियों की आवाजाही को देखते हुए मेरठ जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी मेरठ ने आदेश जारी करते हुए जिले के सभी स्कूल और कॉलेजों को 16 जुलाई से 23 जुलाई 2025 तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
यह निर्णय कांवड़ यात्रा के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। आदेश के अनुसार, इस अवधि में जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त व निजी स्कूलों और महाविद्यालयों में अवकाश रहेगा।
प्रशासन का कहना है कि यह कदम विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुचारु यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। मेरठ सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लाकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं, जिससे क्षेत्र में भीड़ का खासा दबाव रहता है।
जिलाधिकारी ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि इस दौरान प्रशासन और पुलिस बल की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सभी नागरिकों का सहयोग अपेक्षित है।





