घटना के लिए बेकाबू ट्रैफिक को बताया जा रहा जिम्मेदार
घुग्घुस, चंद्रपुर : घुग्घुस नगर में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा घटा, जिसने नागरिकों को झकझोर कर रख दिया। यह दर्दनाक घटना बुधवार, 30 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे घुग्घुस बस स्टॉप के समीप स्थित पानीटंकी के पास हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना इतनी भयानक थी कि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह दुर्घटना घुग्घुस पुलिस की ट्रैफिक पर नियंत्रण न रखने के कारण हुई। इलाके में ट्रैफिक का कोई ठोस प्रबंधन न होने के चलते सड़क पर अव्यवस्था बनी हुई है, जिससे यह हादसा हुआ।
घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है, परंतु समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बचाई जा सकी।
फिलहाल इस दुर्घटना की जांच घुग्घुस पुलिस कर रही है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





