घुग्घुस – सोमवार, 2 जून 2025 को घुग्घुस क्षेत्र में लंबे समय से जारी ट्रैफिक और अवैध अतिक्रमण की समस्या को देखते हुए आज घुग्घुस पुलिस और R.K. मदनी कंपनी द्वारा संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के तहत दोनों साइड के सर्विस रोड को अतिक्रमण से मुक्त कर वाहनों के लिए खोल दिया गया है।
सुबह से ही पुलिस और कंपनी के अधिकारी मौके पर सक्रिय नजर आए। सर्विस रोड पर अवैध रूप से खड़े किए गए भारी वाहन, टायर, भंगार सामग्री और अन्य अतिक्रमणों को हटाया गया। वहीं पेट्रोल पंप के सामने खड़े एक वाहन पर नियमों के उल्लंघन को लेकर चालान भी काटा गया।
इस कार्रवाई में घुग्घुस पुलिस स्टेशन के एपीआई योगेश पाटिल, एएसआई विनोद लोखंडे, पुलिस हवलदार इस्माइल पटान, नवाज सय्यद, मंगेश नागरकर, चंद्रभान घोड़मारे सहित R.K. मदनी कंपनी से अतुल बोटकर, सत्यजीत सिंह, निशाल कटरे और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
एपीआई योगेश पाटिल ने बताया कि, “पिछले कुछ महीनों से पुलिया निर्माण के चलते ट्रैफिक एक ही दिशा में संचालित हो रहा था। अब कार्य चल रहा है, इसलिए आज दोनों ओर के रास्तों को खोल दिया गया है, जिससे ट्रैफिक की समस्या में राहत मिलेगी। आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।”
पूर्व उपसरपंच सुधाकर बांदुरकर और निरीक्षण तांड्रा ने इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इससे आम जनता को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने यह भी मांग की कि बायपास मार्ग पर भी इसी प्रकार की कार्रवाई होनी चाहिए ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और पुलिस प्रशासन को सहयोग दें ताकि क्षेत्र में सुचारु और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनी रहे।
इस कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों में संतोष देखा गया और लोगों ने प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की।




