घुग्घुस, चंद्रपुर: घुग्घुस शहर की बुनियादी समस्याओं को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने नगरपरिषद के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है। शहर अध्यक्ष सुमीत कोहले, उपाध्यक्ष निशांत ठाकरे और निखिल बोबडे के नेतृत्व में मनसे ने दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपते हुए सड़कों की मरम्मत, जलनिकासी, सफाई व्यवस्था और धार्मिक स्थल के सौंदर्यीकरण की मांग की है।
पहले ज्ञापन में घुग्घुस की खस्ताहाल सड़कों और वर्षों से बने खड्डों की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए मनसे ने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों, विशेषतः पुलिस स्टेशन, प्राथमिक आरोग्य केंद्र और बस स्टॉप के पास की सड़कें बेहद खराब अवस्था में हैं। नागरिकों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को इन सड़कों से रोज़ाना जोखिम उठाकर गुजरना पड़ता है। मनसे ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया, तो आंदोलन किया जाएगा।
दूसरे ज्ञापन में हनुमान मंदिर चौक से अमराई रोड तक फैली गंदगी, जलभराव और सफाई की कमी को लेकर चिंता जताई गई है। वर्षा के दौरान मंदिर परिसर में पानी भरने और चारों ओर फैली कचरा-कुंडी से उत्पन्न दुर्गंध के कारण श्रद्धालुओं को भारी असुविधा हो रही है। साथ ही, संक्रमण फैलने का भी खतरा बताया गया है। मनसे ने पेव्हर ब्लॉक बिछवाने और नियमित सफाई व्यवस्था की मांग की है।
दोनों ज्ञापन दिनांक 18/06/2025 को नगरपरिषद कार्यालय द्वारा स्वीकृति सहित प्राप्त किए गए हैं, जिन पर परिषद की मुहर लगी है। इन मुद्दों पर यदि समयबद्ध कार्रवाई नहीं होती है, तो महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने तीव्र आंदोलन की चेतावनी दी है।




