नई दिल्ली: महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लाम्बा ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि BJP नेताओं के अंदर सेना, सैनिकों, शहीदों और उनके परिवारों का अपमान करने की जो ताकत दिखाई देती है, उसकी जड़ें खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इतिहास में छिपी हैं।
लाम्बा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पुराने बयान को याद दिलाया, जिसमें उन्होंने कहा था, “सेना के एक जवान से ज्यादा साहस एक व्यापारी रखता है।” उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इस सोच से ही BJP के नेताओं में सेना और शहीदों के प्रति असंवेदनशीलता आई है?
उन्होंने कहा कि आज पूरा देश ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के नाम पर लगाए गए होर्डिंग्स और रेल टिकटों पर प्रधानमंत्री की तस्वीरों से पटा पड़ा है। जबकि यह ऑपरेशन पूरी तरह सेना द्वारा अंजाम दिया गया था, लेकिन राजनीतिक लाभ लेने के लिए श्रेय खुद प्रधानमंत्री मोदी को दिया जा रहा है।
लाम्बा ने मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विजय शाह के आपत्तिजनक बयान का भी जिक्र किया, जिस पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा, “पुलिस चुप रही, पार्टी ने उन्हें बचाया, लेकिन संज्ञान आखिरकार अदालत ने लिया।”
उन्होंने आगे कहा कि विजय शाह के अलावा मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और हरियाणा से राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने भी शहीदों के परिवारों के प्रति आपत्तिजनक बयान दिए हैं, लेकिन इन नेताओं को पार्टी से बाहर निकालने की कोई पहल नहीं हुई।
अल्का लाम्बा ने कड़े शब्दों में पूछा, “क्या BJP में अब नैतिकता शेष रह गई है, या सत्ता के नशे में यह पूरी तरह खत्म हो चुकी है?”




