उत्तराखंड : अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो गया है। बुधवार सुबह 11:55 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। इस अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिन्होंने मां यमुना के प्रथम दर्शन कर अपने आपको धन्य माना।
कपाटोद्घाटन के दौरान मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक अनुष्ठान, फूलों की सजावट और भक्ति संगीत की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। यमुनोत्री धाम, जो चारधाम यात्रा का पहला पड़ाव माना जाता है, अब अगले कुछ महीनों तक लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहेगा।
यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा, आवागमन और स्वास्थ्य सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं। स्थानीय पुजारियों और तीर्थ पुरोहितों ने मां यमुना से देशवासियों के कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की।
अब अगली कड़ी में 10 मई को गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के कपाट भी क्रमशः खोले जाएंगे। चारधाम यात्रा के साथ ही उत्तराखंड की धार्मिक और आर्थिक गतिविधियों में भी रौनक लौट आई है।