अहमदाबाद: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा नई टैरिफ (शुल्क) नीति की घोषणा के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
राहुल गांधी ने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप ने नई टैरिफ की घोषणा की, जिससे भारत की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ सकता है, लेकिन पीएम मोदी ने अब तक चुप्पी साध रखी है। वे गायब हैं।”
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि मोदी सरकार जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने के लिए संसद में दो दिन का ‘ड्रामा’ कर रही है। राहुल गांधी ने चेतावनी देते हुए कहा, “सच्चाई यह है कि एक बड़ा आर्थिक तूफान आने वाला है, जिससे करोड़ों लोगों को नुकसान होगा।”
कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग की कि वह जनता को साफ-साफ बताएं कि इस नई टैरिफ नीति से भारत की अर्थव्यवस्था पर क्या असर पड़ेगा और देश इससे निपटने के लिए क्या कदम उठा रहा है।
राहुल गांधी की यह टिप्पणी ऐसे समय पर आई है जब वैश्विक व्यापार संबंधों में तनाव और अनिश्चितता के चलते आर्थिक बाजारों में अस्थिरता देखी जा रही है।




