घुग्घुस (चंद्रपुर) : पुलिस स्टेशन और सरकारी हॉस्पिटल के सामने सड़क पर बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढे बन गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस मार्ग से लॉयड्स, एसीसी और डब्ल्यूसीएल कंपनियों के भारी वाहनों का 24 घंटे आवागमन जारी रहता है, लेकिन सड़क सुधार की दिशा में न तो कंपनियों का प्रबंधन, न ही PWD अधिकारी और न ही स्थानीय प्रशासन कोई कदम उठा रहा है.
घुग्घुस क्षेत्र में दो विधायकों का नियमित आना-जाना होता है—एक का यहां कर्मभूमि हैं और दूसरे इस क्षेत्र के विधायक हैं—फिर भी इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया गया. हर रविवार यहां साप्ताहिक बाजार लगता है, जहां स्थानीय लोगों और छोटे व्यापारियों की आवाजाही अधिक रहती है, लेकिन भारी वाहनों पर कोई प्रतिबंध नहीं है.
रविवार को घटी दुर्घटना
आज रविवार को एक बड़ा हादसा तब हुआ जब एक परिवार, जिसमें पति-पत्नी और तीन साल का बच्चा शामिल थे, थाने के सामने गड्ढे के पास फिसलकर गिर गए. उनके पीछे आ रहा एक और बाइक सवार भी नियंत्रण खोकर गिर पड़ा. सौभाग्य से दोनों मामूली रूप से घायल हुए. स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को उठाया, जो सराहनीय है.
प्रशासन की लापरवाही पर सवाल
इस तरह की घटनाएं प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की लापरवाही को दर्शाती हैं. आम नागरिकों की मांग है कि इस सड़क की मरम्मत जल्द से जल्द की जाए, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके.




