मुंबई : नासिक के कलवण (नासिक) में एसटी बस दुर्घटना में मृत महिला के वारिसों को राज्य सड़क परिवहन (एसटी) निगम दस लाख रुपये की सहायता देगा. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि इस हादसे में घायलों का इलाज सरकारी खर्चे पर किया जाएगा. नासिक जिले के संरक्षक (पालक मंत्री) मंत्री दादाजी भुसे मौके पर पहुंच गए हैं.
खामगांव आगार की बस आज सुबह सप्तश्रृंगी किले से खामगांव की ओर रवाना हुई. तभी घाट के गणपति मंच से बस सीधे 400 फीट घाटी में जा गिरी. प्रारंभिक जानकारी है कि बस में 22 यात्री सवार हैं. किले के स्थानीय निवासियों और सरकारी एजेंसियों की ओर से राहत कार्य शुरू हो गया है.
घायल यात्रियों को वणी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कुछ को प्राथमिक उपचार दिया गया है और आगे के इलाज के लिए नासिक भेजा गया है. शुरुआती जानकारी है कि पांच मरीजों को नासिक शिफ्ट किया गया है. मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है.




