दलित बस्ती विकास कार्यों में रुकावट और कार्यालयीन समय में मुख्यालय में अनुपस्थित रहने के भी आरोप; जिलाधिकारी कार्यालय ने मांगी तथ्यात्मक रिपोर्ट
घुग्घुस, चंद्रपुर : घुग्घुस नगर परिषद प्रशासन एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। नगर परिषद के सभापति रोशन परशुराम पवार द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी कार्यालय, चंद्रपुर ने 26 नवंबर 2026 को नगर परिषद के मुख्याधिकारी को पत्र जारी कर संबंधित मामलों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ तथ्यात्मक रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी कार्यालय से जारी पत्र में मुख्याधिकारी के खिलाफ तीन प्रमुख मुद्दों पर जांच और कार्रवाई की मांग का उल्लेख किया गया है।
प्राप्त पत्र के अनुसार, पहला मामला नगर परिषद की सार्वत्रिक चुनाव प्रक्रिया में कथित 85 लाख रुपये के भ्रष्टाचार से संबंधित है। इस मामले में मासिक सभा में पारित ठराव के अनुसार मुख्याधिकारी के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
दूसरा मामला वर्ष 2025-26 के दौरान दलित बस्ती विकास कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद विकास कार्यों में कथित रूप से बाधा उत्पन्न करने का है। आरोप है कि संबंधित विकास कार्यों को लेकर अनावश्यक रुकावटें पैदा की जा रही हैं। इस मामले में भी विभागीय जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।
तीसरा मुद्दा मुख्याधिकारी के कार्यालयीन समय में मुख्यालय पर उपस्थित नहीं रहने से संबंधित है। इस संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई की मांग उठाई गई है।
इस पूरे मामले में जिलाधिकारी कार्यालय ने संबंधित प्रकरणों की वस्तुस्थिति स्पष्ट करते हुए आवश्यक दस्तावेजों के साथ तत्काल तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
अब प्रशासनिक जांच पर टिकी निगाहें!
जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा रिपोर्ट मांगे जाने के बाद घुग्घुस नगर परिषद में इन आरोपों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, पत्र में उल्लिखित आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। अब देखना यह होगा कि नगर परिषद प्रशासन इन गंभीर आरोपों पर क्या जवाब देता है और जिलाधिकारी कार्यालय आगे क्या कार्रवाई करता है।
नगर परिषद की कार्यप्रणाली, विकास कार्यों की पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर अब नागरिकों की निगाहें जिला प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।




