बलिया, उत्तर प्रदेश: अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना भीमपुरा पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान प्रेमरजा गांव के पास हुई मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक बलिया दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रेमरजा गांव के पास कुछ बदमाश मौजूद हैं। सूचना मिलते ही भीमपुरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी।
पुलिस के अनुसार, चेतावनी के बावजूद बदमाशों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, दूसरा आरोपी मौके से भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने पीछा कर पकड़ लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में घायल आरोपी की पहचान अरविन्द सोनी निवासी बेगूसराय, बिहार के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी की पहचान पंकज सोनी, निवासी बिहार, के रूप में बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने थाना भीमपुरा क्षेत्र में 21 और 24 तारीख को घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गांव-गांव घूमते थे और घर में अकेली महिलाओं को आभूषण साफ करने का झांसा देते थे। इसी दौरान वे महिलाओं के आभूषण लेकर मौके से फरार हो जाते थे।
घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है।




