मौत, मुआवजा और मौन?
प्रणयकुमार बंडी
घुग्घुस, चंद्रपुर : म्हातारदेवी गांव परिसर में हुई एक दर्दनाक मौत अब केवल “दुर्घटना” भर नहीं रह गई है, बल्कि पूरे मामले ने कानून व्यवस्था, प्रशासनिक पारदर्शिता और राजनीतिक दबाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर सुरेश महादेव खोबरे (57) की मौके पर हुई मौत के बाद जिस तेजी से घटनाक्रम आगे बढ़ा, उसने स्थानीय नागरिकों के बीच संदेह और आक्रोश दोनों बढ़ा दिए हैं।
परिसर में चर्चा है कि घटना के तुरंत बाद बिना विस्तृत पंचनामा, बिना सार्वजनिक प्राथमिक जांच और बिना पारदर्शी प्रक्रिया के मृतक को पोस्टमार्टम के लिए चंद्रपुर भेज दिया गया। अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इतनी जल्दबाजी क्यों हुई? क्या यह केवल प्रशासनिक प्रक्रिया थी, या फिर किसी प्रभावशाली पक्ष को बचाने की कोशिश?
पीड़ित पक्ष की ओर से थाना प्रभारी और जिला पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देने का प्रयास जारी है. कहा जाता है कि शिकायत में संबंधित ठेकेदार, निजी कंपनी के अधिकारी और प्रबंधन की भूमिका पर संदेह व्यक्त करते हुए सदोष मानवहत्या, लापरवाही से मृत्यु और सबूत प्रभावित करने जैसी धाराओं में FIR दर्ज करने की मांग होगी।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज हो गई है कि कुछ राजनीतिक चेहरे और प्रभावशाली लोग संबंधित कंपनी के करीबी बताए जा रहे हैं। यही कारण है कि अब लोगों के बीच यह सवाल खुलकर उठने लगा है कि — क्या पीड़ित परिवार को वास्तव में न्याय मिलेगा, या मामला नियमों, प्रक्रियाओं और राजनीतिक दबाव की फाइलों में दबा दिया जाएगा?
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल “जीरो FIR” को लेकर भी उठ रहा है। क्या पुलिस तत्काल जीरो FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच शुरू करेगी, या फिर परिवार को थाने के चक्कर लगवाकर कानूनी प्रक्रियाओं का हवाला दिया जाएगा? क्योंकि कई मामलों में देखा गया है कि शुरुआती घंटों में हुई देरी ही बाद में जांच की दिशा बदल देती है।
नागरिकों का कहना है कि यदि प्रशासन निष्पक्ष है तो घटनास्थल का संपूर्ण पंचनामा, CCTV फुटेज, वाहन की तकनीकी जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सार्वजनिक प्रक्रिया के तहत सुरक्षित किए जाने चाहिए। साथ ही यह भी मांग उठ रही है कि मामले की जांच स्थानीय स्तर तक सीमित न रखकर उच्चस्तरीय स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए।
घुग्घुस और आसपास के क्षेत्र में अब यह मामला केवल एक परिवार के दुख तक सीमित नहीं रहा। यह चर्चा कानून व्यवस्था की विश्वसनीयता, राजनीतिक हस्तक्षेप और प्रशासनिक जवाबदेही तक पहुंच चुकी है। लोग पूछ रहे हैं — “यदि एक गरीब और सामान्य परिवार न्याय मांग रहा है, तो क्या उसकी आवाज सत्ता और प्रभाव के शोर में दब जाएगी?”
अब सबकी नजर पुलिस प्रशासन पर टिकी है। आने वाले घंटों में यह साफ हो जाएगा कि जांच कानून के आधार पर आगे बढ़ती है या फिर प्रभावशाली संबंधों और दबावों की छाया में।
खबर लिखें जाने तक अधिक जानकारी प्राप्त होने की थी.




