(प्रणयकुमार बंडी)
घुग्घुस (जिला चंद्रपुर)। घुग्घुस नगर परिषद में आज का दिन राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम और रोमांचक माना जा रहा है। सार्वजनिक बांधकाम व क्रीडा समिति, पानी पुरवठा व जल निस्सारन समिति, स्वच्छता वैद्यक व सार्वजनिक आरोग्य समिति, नियोजन विकास व सांस्कृतिक समिति, महिला व बालकल्याण समिति सहित अन्य प्रमुख समितियों के पदों का वितरण आज दिनांक 21 जनवरी 2026 को घुग्घुस नगर परिषद कार्यालय में होने जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, समिति गठन का आधिकारिक परिणाम शाम 4.00 बजे घोषित किया जा सकता है। इसी कारण सुबह से ही नगर परिषद परिसर और उसके आसपास राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। नगर सेवक, उनके समर्थक और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में परिषद कार्यालय के सामने जमा हैं, और हर किसी की नजर इस बात पर टिकी हुई है कि किसे कौन-सी जिम्मेदारी मिलती है।
आपको बता दें कि 20 दिसंबर 2025 को घुग्घुस नगर परिषद के चुनाव संपन्न हुए थे, जिनका परिणाम 21 दिसंबर 2025 को घोषित किया गया था। इसके बाद 7 जनवरी 2026 को उपनगराध्यक्ष की घोषणा हुई। अब आज समिति गठन के साथ ही नगर परिषद की वास्तविक कार्यप्रणाली की दिशा और विकास का रोडमैप तय होने जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में सुबह से ही जोड़-तोड़, चर्चा और संभावित नामों को लेकर अटकलें तेज हैं। कौन सा नगर सेवक किस समिति की कमान संभालेगा, किसे महत्वपूर्ण विभाग मिलेगा और किसे इंतजार—इन सवालों ने पूरे शहर का ध्यान नगर परिषद की ओर खींच लिया है।
स्पष्ट है कि आज का फैसला सिर्फ पदों का वितरण नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में घुग्घुस शहर के विकास, जनसुविधाओं और प्रशासनिक प्राथमिकताओं की तस्वीर भी तय करेगा। अब सभी को इंतजार है—शाम 4 बजे के उस ऐलान का, जो कई सियासी समीकरण बदल सकता है।




