चंद्रपुर, 20 जुलाई 2025 : चंद्रपुर शहर में OYO ब्रांड और उसके लोगो का दुरुपयोग कर गैरकानूनी रूप से व्यवसाय कर रहे होटल और लॉजेस के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में संचालित ऐसे कुल 15 होटल/लॉजेस के मालिकों एवं संचालकों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई चंद्रपुर शहर पुलिस स्टेशन की ओर से की गई, जहां OYO कंपनी की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी कि कई होटल्स बिना किसी अधिकारिक अनुबंध के उनके ब्रांड और लोगो का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे कंपनी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और पाया कि संबंधित होटल/लॉजेस OYO से अधिकृत न होते हुए भी उनकी पहचान और ब्रांडिंग का दुरुपयोग कर रहे थे। इसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के अंतर्गत धोखाधड़ी, ब्रांड दुरुपयोग और कॉपीराइट उल्लंघन का मामला दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और शहर में ब्रांड नाम का गलत इस्तेमाल कर रहे अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी।
पुलिस विभाग ने जनता से अपील की है कि किसी भी होटल या लॉज की बुकिंग से पहले उसकी प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें, जिससे किसी प्रकार की ठगी या धोखाधड़ी से बचा जा सके।





