रांची : हेहल अंचल के पीछे अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री की योजना बना रहे पांच अपराधियों को रांची पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 01.06.2025 की रात्री को पुलिस उपमहानिरीक्षक-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधकर्मी हेहल अंचल के पीछे अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से एकत्रित हुए हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर), रांची के दिशा-निर्देश पर तथा पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
गठित टीम द्वारा तत्काल छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें पांच अपराधियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक अवैध देशी कट्टा और दो जिन्दा गोली बरामद की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ मिली हैं, जिससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ये अपराधी किसके लिए काम कर रहे थे और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।
रांची पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना को दें, ताकि शहर को अपराधमुक्त बनाया जा सके।




