सारंगढ़- बिलाईगढ़ पुलिस ने नशा के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1 टन (997.08 किलोग्राम) गांजे का विधिवत नष्टीकरण किया। यह गांजा जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 6 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के प्रकरणों के तहत जब्त किया गया था।
गांजे का नष्टीकरण न्यायालय की अनुमति प्राप्त कर नियमानुसार संपन्न किया गया। इस प्रक्रिया में संबंधित थाना प्रभारी, राजस्व विभाग के अधिकारी, न्यायालय के प्रतिनिधि तथा अन्य जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहे। गांजे को सुरक्षित तरीके से एक निर्धारित स्थल पर जलाकर नष्ट किया गया, ताकि इसका कोई दुरुपयोग न हो सके।
पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताया और कहा कि पुलिस भविष्य में भी नशे के खिलाफ इसी तरह सख्त कदम उठाती रहेगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई कि वे नशे के खिलाफ जागरूक रहें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
यह कार्रवाई जिले में नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक सशक्त संदेश के रूप में देखी जा रही है।




