दिल्ली में केंद्र सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा, “इस हादसे में बहुत से निर्दोष लोग मारे गए हैं। हम सभी दलों ने मिलकर एकजुटता दिखाई है और साफ कहा है कि देशहित में सरकार जो भी कार्रवाई करेगी, हम सब उसके साथ हैं और समर्थन देंगे।”
खरगे ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा, “वहां जो हादसा हुआ है, हम उसकी निंदा करते हैं। हमें देश को यह पैगाम देना है कि इस तरह की घटनाओं के खिलाफ हम सब एक हैं।”
गौरतलब है कि हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम क्षेत्र में हुए आतंकी हमले में कई निर्दोष नागरिकों की जान गई थी, जिसके बाद यह बैठक बुलाई गई थी। सरकार और विपक्ष, दोनों ने मिलकर राष्ट्रीय सुरक्षा पर साझा रुख अपनाने का संकल्प लिया है।




