उज्जैन, मध्य प्रदेश: केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने आज उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में पूजा-अर्चना कर भस्म आरती में भाग लिया. इस दौरान उन्होंने भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया और देश की समृद्धि व सुख-शांति की कामना की.
महाकालेश्वर मंदिर में हर दिन होने वाली भस्म आरती विशेष महत्व रखती है. सुबह ब्रह्म मुहूर्त में होने वाली इस आरती में भाग लेना भक्तों के लिए सौभाग्य की बात मानी जाती है. केंद्रीय मंत्री के साथ मंदिर प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे.
पूजा-अर्चना के बाद ललन सिंह ने कहा कि उज्जैन आकर और महाकाल के दर्शन कर उन्हें आध्यात्मिक शांति का अनुभव हुआ. उन्होंने मंदिर की पवित्रता और भव्यता की सराहना की.
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे, जिन्होंने केंद्रीय मंत्री के साथ मिलकर भगवान महाकाल के दर्शन किए. सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हुआ.




