चंद्रपुर: मौजा शेणगांव के ग्राम पंचायत सरपंच पुष्पा मधुकर मालेकर ने जिले के जल संरक्षण अधिकारी और घुग्घुस पुलिस स्टेशन में पत्र दिया. उन्होंने आरोप लगाया है कि गांव के सिंचाई तालाब से अवैध रूप से पानी चोरी किया जा रहा है.
पत्र में बताया गया कि यह तालाब मृदा व जल संरक्षण विभाग के अंतर्गत आता है और इसका पानी खेती के लिए आरक्षित है. बावजूद इसके, वसंत नामक ठेकेदार ने तालाब के गेटवाल को तोड़कर खुद का डीजल इंजन लगाकर प्रतिदिन 15 से 20 टैंकर पानी चोरी किया. यह अवैध कार्य बिना किसी अनुमति के लगभग दो महीने से जारी था.
गांववासियों को जब इस मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने पड़ताल की, जिसमें पाया गया कि ठेकेदार के पास किसी भी सरकारी विभाग से स्वीकृति नहीं थी. ग्राम पंचायत ने जब ठेकेदार को बुलाकर पूछताछ की, तो उसने खुद इस अवैध जल चोरी को स्वीकार किया.
सरपंच ने इस कृत्य को गंभीर बताते हुए कहा कि ठेकेदार ने सरकारी नियमों की अवहेलना की है और उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस ठेकेदार पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए और उसका नाम काली सूची में डाला जाए.
गांव के लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पानी चोरी करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हो सकें.




