उज्जैन : सिंहस्थ-2028 के आयोजन की तैयारियों के तहत उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का काम तेजी से किया जा रहा है। इसी सड़क चौड़ीकरण की जद में मुख्यमंत्री मोहन यादव का पैतृक मकान भी आ गया है। रविवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्वयं गेती चलाकर अपने पैतृक मकान के प्रभावित हिस्से को तोड़ने की प्रक्रिया की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री के पैतृक मकान के साथ उनकी बहन और भाजपा नेता कलावती यादव का मकान भी सड़क चौड़ीकरण की जद में बताया जा रहा है। उनके मकान के प्रभावित हिस्से को भी हटाया जाएगा।

भावुक हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव
अपने पैतृक घर को देखकर मुख्यमंत्री मोहन यादव भावुक नजर आए। यह मकान उनके परिवार और बचपन की यादों से जुड़ा हुआ है। इसके बावजूद उन्होंने सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और सड़क चौड़ीकरण के महत्व को देखते हुए स्वयं आगे बढ़कर मकान के हिस्से को हटाने की प्रक्रिया शुरू की।
परिवार की ओर से सड़क चौड़ीकरण के लिए मकान का हिस्सा हटाने पर सहमति जताई गई है। साथ ही परिवार ने प्रभावित हिस्से के लिए मुआवजा नहीं लेने की बात कही है।
विकास कार्य के लिए परिवार ने दी सहमति
सिंहस्थ के दौरान उज्जैन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए शहर में सड़कों के चौड़ीकरण, यातायात व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव का अपने पैतृक मकान के प्रभावित हिस्से को स्वयं तोड़ने की शुरुआत करना इस विकास कार्य से जुड़ा प्रमुख घटनाक्रम रहा। मकान का हिस्सा हटाने की प्रक्रिया अब शुरू हो चुकी है।




