देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते देहरादून–मसूरी स्टेट हाईवे पर भूस्खलन होने से सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा के मद्देनज़र एहतियात के तौर पर देहरादून–मसूरी मार्ग को अगले आदेश तक बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासन ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में मलबा हटाने और सड़क की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। साथ ही संबंधित विभागों को स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जब तक मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता, तब तक इस सड़क पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
जिला प्रशासन ने पर्यटकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। साथ ही मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मार्ग को दोबारा खोलने का निर्णय सड़क की सुरक्षा का आकलन करने के बाद ही लिया जाएगा।




