मुंबई : महाराष्ट्र सरकार के मंत्रालय ने अगले 24 घंटों के दौरान भंडारा, चंद्रपुर, गड़चिरौली और गोंदिया जिलों के कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश (अतिवृष्टि) होने की संभावना जताई है।
मंत्रालय द्वारा जारी सलाह में नागरिकों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें, अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें तथा मौसम और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
प्रशासन को भी आवश्यक एहतियाती उपाय करने और आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह सतर्क रखने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।




