चंद्रपुर: जिले के सावली क्षेत्र में प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के निर्माण और पैकिंग करने वाली एक फैक्ट्री पर स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) चंद्रपुर, सावली पुलिस स्टेशन तथा अन्न सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान कुल 11 लाख 31 हजार 400 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित तंबाकू एवं अन्य सामग्री जब्त की गई।
अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई में HOLA और EAGLE ब्रांड के हुक्का शिशा तंबाकू, खुला सुगंधित तंबाकू, तंबाकू की पैकिंग में उपयोग होने वाली विभिन्न सामग्री तथा उत्पादन एवं पैकिंग के लिए इस्तेमाल की जा रही मशीनरी बरामद की गई। इसके अलावा कार्रवाई के दौरान वाहन क्रमांक MH-34-CJ-9625 को भी जब्त किया गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि उक्त स्थान पर प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों का निर्माण और पैकिंग का कार्य किया जा रहा था। संयुक्त टीम ने मौके से संबंधित सामग्री जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस एवं अन्न सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस संयुक्त कार्रवाई को स्थानीय अपराध शाखा चंद्रपुर, सावली पुलिस तथा अन्न सुरक्षा विभाग की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।




