प्रणयकुमार बंडी
घुग्घूस, चंद्रपुर | चंद्रपुर में 15 जून 2026 को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शिवसेना युवा सेना में प्रवेश कर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता राकेश चिंतला को युवा सेना घुग्घूस सचिव तथा रोहन आगदारी को युवा सेना घुग्घूस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपते हुए नियुक्ति की घोषणा की गई। नव-नियुक्त पदाधिकारियों का उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व विदर्भ सचिव शुभम नवले, युवा सेना कार्यकारिणी सदस्य सुनील शिंदे, शिवसेना जिला प्रमुख युवराज धानोरकर, युवा सेना जिला प्रमुख शैलेश केलझलकर, अविनाश उके, शिवसेना विधानसभा अध्यक्ष कैलास तेलतुमडे, युवा सेना उपजिला प्रमुख, तथा युवा सेना शहराध्यक्ष चंद्रपुर पवन यादव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में उपस्थित मान्यवरों ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को जोड़कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि नए कार्यकर्ताओं के प्रवेश और नई नियुक्तियों से चंद्रपुर जिले में युवा सेना का जनाधार और संगठनात्मक शक्ति पहले से अधिक मजबूत होगी, जिससे युवाओं के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में सहायता मिलेगी।




