भंडारा: जिले के वरठी स्थित दत्त मंदिर के समीप हरकंडे परिवार के पुराने लकड़ी के फाटे वाले मकान में रविवार शाम करीब साढ़े आठ बजे अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में जल रहे दीपक की बाती से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे आग ने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के नागरिकों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।
सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। स्थानीय नागरिकों और अग्निशमन कर्मियों के संयुक्त प्रयासों से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक घर में रखा बड़ी मात्रा में घरेलू सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
गनीमत रही कि घटना के समय घर में कोई नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।




