रायपुर | रायपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की गई है। न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए ड्रग्स सिंडीकेट पर करारा प्रहार किया है। इस अभियान में पुलिस ने कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के एक फ्लैट में पुलिस को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रेड कार्रवाई की, जिसमें एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स बरामद किए गए। इस कार्रवाई के दौरान मौके से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से ड्रग्स, नकद राशि सहित लगभग 3.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े अन्य 2 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। इनके पास से घटना में प्रयुक्त एक कार समेत कुल 25 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी संगठित तरीके से ड्रग्स की खरीद-फरोख्त में लिप्त थे और शहर में नशीले पदार्थों की आपूर्ति कर रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन निश्चय का उद्देश्य शहर को नशामुक्त बनाना और ड्रग्स माफिया पर सख्त कार्रवाई करना है। इस मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई को ड्रग्स के खिलाफ चल रही मुहिम में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।




