हाल ही में रिलीज़ हुए बहुप्रतीक्षित देशभक्ति फिल्म बॉर्डर 2 के टीज़र को लेकर बढ़ती चर्चा के बीच, आहान शेट्टी ने फिल्म के लिए की गई अपनी कड़ी शारीरिक तैयारी और मिलिट्री-स्टाइल ट्रेनिंग के अनुभव साझा किए हैं। बॉर्डर 2 में एक नेवी ऑफिसर की भूमिका निभा रहे आहान ने इस अनुभव को शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण और मानसिक रूप से बेहद परिवर्तनकारी बताया।
असली लोकेशंस पर शूटिंग के प्रभाव पर बात करते हुए आहान ने कहा,
“पुणे के NDA खड़कवासला में शूटिंग सिर्फ ऑथेंटिक विज़ुअल्स कैप्चर करने तक सीमित नहीं थी, इसने मेरे पूरे अप्रोच को बदल दिया। आप वहीं ट्रेनिंग कर रहे होते हैं, जहां असली अधिकारी ट्रेनिंग लेते हैं। ऐसा माहौल आपको कुछ भी फेक करने की गुंजाइश नहीं देता। आपकी बॉडी लैंग्वेज, पॉश्चर, इंटेंसिटी — सब कुछ उस जगह की सच्चाई के अनुरूप होना चाहिए।”
अपनी हार्डकोर तैयारी के बारे में बात करते हुए आहान ने आगे कहा,
“मेरा रूटीन हर लोकेशन पर एक जैसा रहा — पुणे, अमृतसर, खोपोली या मुंबई। नॉन-नेगोशिएबल थे: स्ट्रेंथ ट्रेनिंग सेशन्स, फुटबॉल और क्रिकेट जैसे स्पोर्ट्स ताकि फुर्ती और कार्डियो एंड्योरेंस बनी रहे, और एक सख्त रिकवरी प्रोटोकॉल जिसमें आइस बाथ, स्टीम, सॉना और रेड लाइट थेरेपी शामिल थे। रिकवरी वैकल्पिक नहीं थी — यह ट्रेनिंग जितनी ही ज़रूरी थी। जब आप रोज़ाना इंटेंस कॉम्बैट सीक्वेंस शूट कर रहे होते हैं, तो शरीर को लगातार रिपेयर और परफॉर्म करना होता है।”
आहान ने असली मिलिट्री इंस्टॉलेशंस पर शूटिंग के दौरान आने वाली अतिरिक्त चुनौतियों पर भी बात की, जहां माहौल खुद एक परीक्षा बन जाता है। इस पर आहान ने कहा,
“असली मिलिट्री इंस्टॉलेशंस पर शूटिंग अपने साथ वास्तविक शारीरिक चुनौतियां लेकर आती है। आप असली टेरेन, मौसम और टैक्टिकल सीक्वेंस की फिजिकल डिमांड्स से जूझ रहे होते हैं। स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और स्पोर्ट्स से मिली कार्डियो एंड्योरेंस — सब कुछ तब काम आता है जब आप 40 डिग्री की गर्मी में कॉम्बैट सीक्वेंस कर रहे होते हैं या 12 घंटे तक टैक्टिकल गियर में शूटिंग करनी होती है।”
बॉर्डर 2 में आहान शेट्टी एक नेवी ऑफिसर के रूप में नज़र आएंगे। मेकर्स द्वारा जारी किए गए फर्स्ट-लुक पोस्टर में उन्हें एक हाई-इंटेंसिटी वॉर ज़ोन में दिखाया गया है — चेहरे पर खून के निशान, आंखों में अडिग संकल्प और हाथ में भारी हथियार — जो फिल्म के पैमाने और गंभीरता की झलक देता है।
बॉर्डर 2 को गुलशन कुमार, टी-सीरीज़ और जे.पी. दत्ता की जे.पी. फिल्म्स प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म को भव्य स्तर पर प्रोड्यूस कर रहे हैं भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जे.पी. दत्ता और निधि दत्ता, और निर्देशन कर रहे हैं अनुराग सिंह। यह फिल्म भारतीय सैनिकों की वीरता और अदम्य साहस को सलाम करने की विरासत को आगे बढ़ाती है, और दर्शकों को देशभक्ति, साहस और बलिदान की एक भव्य यात्रा पर ले जाएगी। इस ऐतिहासिक देशभक्ति गाथा के लिए तैयार हो जाइए, क्योंकि बॉर्डर 2 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है।




