घुग्घुस, चंद्रपुर : घुग्घुस पुलिस स्टेशन के अंतर्गत बढ़ते अवैध धंधों और मनचलों की दबंगई ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूत्रों की मानें तो पुलिस की मिलीभगत या लापरवाही के चलते क्षेत्र में अवैध गतिविधियाँ लगातार फल-फूल रही हैं। इसी ढीली पुलिस व्यवस्था का नतीजा 14 अक्टूबर की रात को भयावह रूप में सामने आया, जब कुछ अवैध धंधों में लिप्त युवाओं ने चौधरी पेट्रोल पंप के सामने स्थित पान शॉप पर एक डॉक्टर और पान शॉप संचालक पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में दोनों भाई — डॉ. सुनील राम और अनिल कुमार राम (पान शॉप संचालक) — गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को तत्काल उपचार के लिए चंद्रपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस ने तात्कालिक कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और उन पर विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जबकि अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते अवैध धंधों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम कसती, तो इस तरह की वारदातें टाली जा सकती थीं। लोग यह भी सवाल उठा रहे हैं कि आखिर क्यों पुलिस इन अपराधियों पर पहले से कोई सख्त कार्रवाई नहीं करती?
अब देखना यह है कि घुग्घुस पुलिस इस घटना को महज एक “औपचारिक जांच” तक सीमित रखती है या सच में अपराधियों के खिलाफ निर्णायक कदम उठाकर जनता का भरोसा लौटाने की कोशिश करती है।




