घुग्घुस (चंद्रपुर) : स्थानीय नागरिक प्रणयकुमार बंडी ने जिलाधिकारी चंद्रपुर को निवेदन प्रस्तुत कर घुग्घुस नगर परिषद द्वारा गुजरी एवं आठवडी बाजार में शुल्क निर्धारण संबंधी पारदर्शिता फलक न लगाए जाने पर गंभीर आपत्ति दर्ज की है।
निवेदन में बताया गया कि 04 जुलाई 2025 को नगर परिषद कार्यालय में आवेदन देकर मांग की गई थी कि—
वित्तीय वर्ष 2025–26 हेतु नई शुल्क दरें स्पष्ट रूप से फलक पर अंकित की जाएं। बिना पूर्व अनुमति कोई वाहन बाजार क्षेत्र में प्रवेश न करे, इसकी सूचना भी फलक पर दर्ज हो। यदि कोई ठेकेदार निर्धारित दर से अधिक शुल्क वसूल करता है तो उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी फलक पर लिखी जाए।
श्री प्रणयकुमार ने आरोप लगाया कि इतने दिनों बाद भी नगर परिषद के मुख्याधिकारी एवं कर विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया। इसके चलते ठेकेदार मनमाने शुल्क वसूल रहे हैं।
व्यापारियों की व्यथा
बाजार में सब्जी और कपड़े बेचने वाले कई छोटे व्यापारियों ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की। एक सब्जी विक्रेता ने कहा, “हमसे हर बार तय दर से ज्यादा पैसे वसूले जाते हैं। विरोध करने पर ठेकेदार धमकाते हैं कि जगह ही नहीं देंगे।”
वहीं एक कपड़ा व्यापारी ने बताया, “बाजार में पारदर्शिता फलक होता तो हमें पता चलता कि सही शुल्क कितना है। अभी ठेकेदार मनमर्जी से वसूली कर रहे हैं।”
बाजार का माहौल
गुजरी और आठवडी बाजार में रोजाना सैकड़ों व्यापारी और ग्राहक आते हैं। लेकिन शुल्क निर्धारण की कोई स्पष्ट जानकारी न होने से असंतोष का माहौल बना हुआ है। व्यापारियों का कहना है कि इससे उनके मुनाफे में कमी आ रही है और ग्राहकों को भी महंगाई का बोझ उठाना पड़ रहा है।
प्रणयकुमार बंडी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि—
संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाए। गुजरी एवं आठवडी बाजार में पारदर्शिता फलक तत्काल लगाया जाए, ताकि व्यापारी और नागरिकों को ठगे जाने से बचाया जा सके।
निवेदन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री महाराष्ट्र, ग्राम विकास मंत्री तथा पुलिस अधीक्षक चंद्रपुर को भी भेजी गई है।





