भागलपुर : जिले के मथुरापुर गांव के एक किसान का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब वह परवल लेकर स्थानीय मंडी पहुंचा और उसे मात्र 1-2 रुपये प्रति किलो का भाव बताया गया। बाज़ार में सब्ज़ी के इतने कम दाम सुनकर किसान बेहद आहत हो गया और गुस्से में आकर मंडी में ही अपने साथ लाए परवल को लठ से फोड़ डाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसान काफी समय से मेहनत कर फसल तैयार कर मंडी लाया था, लेकिन जब व्यापारियों ने उसकी मेहनत को नजरअंदाज़ करते हुए औने-पौने दाम लगाए तो वह क्षुब्ध हो गया। गुस्से में उसने अपने सारे परवल वहीं सड़क पर फेंककर लठ से पीटना शुरू कर दिया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें किसान की पीड़ा साफ दिखाई दे रही है। किसानों का कहना है कि बार-बार फसल की लागत नहीं निकल पाने के कारण उनका मनोबल टूट रहा है, लेकिन सरकार और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि किसानों की उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाए, जिससे ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।




