कोरबा : शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए सार्वजनिक स्थल पर हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले तीन आरोपियों को कोरबा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अवैध देशी कट्टा दिखाकर लोगों को डराने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में तीनों आरोपियों के पास से 3 अवैध देशी कट्टे, 3 कारतूस, 5 मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि ये आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराते हुए आम लोगों में भय का वातावरण बना रहे थे।
कोरबा पुलिस की तत्परता और सतर्कता के चलते यह कार्रवाई संभव हो पाई। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि ये हथियार कहां से लाए गए और इनके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो नहीं है।
पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।




