बेगूसराय, बिहार – रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना तब हुई जब एक गाड़ी शादी समारोह से लौटते समय डिवाइडर से टकरा गई।
घटना पर जानकारी देते हुए बेगूसराय के एसडीपीओ सुबोध कुमार ने कहा, “गाड़ी में सवार लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण वाहन डिवाइडर से टकरा गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।”
घायलों में से एक ने बताया कि वे रात 2 बजे बारात से निकले थे। आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई होगी, जिसके कारण गाड़ी नियंत्रण खो बैठी और दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा सुबह करीब 3:50 बजे हुआ।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के इलाज के लिए हरसंभव मदद की जा रही है।




