रांची : डीआईजी सह रांची एसएसपी चन्दन कुमार सिन्हा के नेतृत्व में राजधानी में चोरों के मनोबल को तोड़ने की दिशा में रांची पुलिस ने 28 मार्च 2025 को बड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में शातिर चोर धीरज जालान समेत 11 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से आठ दोपहिया वाहन, जिनमें से पांच बुलेट मोटरसाइकिल हैं, बरामद किए हैं। इसके अलावा विदेशी करेंसी, 11 लैपटॉप, 100 मोबाइल फोन, नगद 1 लाख 75 हजार रुपये तथा चोरी के दर्जनों अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार मुख्य आरोपी धीरज जालान पर पूर्व में 40 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। इस सफलता के बाद रांची पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और शहर को सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।




