दंतेवाड़ा : छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना गीदम के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस व सुरक्षाबलों की नक्सल विरोधी गश्त के दौरान घात लगाए नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में तीन हार्डकोर नक्सली ढेर हो गए, जिनमें दो इनामी नक्सली भी शामिल हैं, जिन पर प्रत्येक पर 4 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
विस्फोटक बरामद
मुठभेड़ स्थल की सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों ने हथियार, विस्फोटक सामग्री और नक्सली सामान बरामद किया है। क्षेत्र में अभी भी तलाशी अभियान जारी है, ताकि कोई अन्य नक्सली बचकर भाग न सके।
पुलिस का सख्त अभियान जारी
दंतेवाड़ा पुलिस एवं अन्य सुरक्षा बलों द्वारा लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाए जा रहे हैं। बीते कुछ महीनों में सुरक्षाबलों ने कई बड़े नक्सली कमांडरों को ढेर किया है, जिससे नक्सली संगठनों की कमर टूट रही है।
एसपी दंतेवाड़ा ने कहा कि यह ऑपरेशन सुरक्षा बलों की मुस्तैदी और रणनीतिक सफलता का परिणाम है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी अपील की कि वे नक्सलियों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें।
इलाके में बढ़ाई गई चौकसी
मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात कर तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।




