छत्तीसगढ़ : कांकेर जिले में निर्माणाधीन राइस मिल गोदाम की दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए. मिडिया खबरों के अनुसार पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह बताया कि इस मामले में राइस मिल के मालिक और ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चबेला गांव में निर्माणाधीन गोदाम की दीवार गिरने से जग्गू राम (47) की मौत हो गई है और 13 अन्य घायल हो गए हैं. यशवंत कुमार राठी की राइस मिल में गोदाम का निर्माण कराया जा रहा है. जब मजदूर वहां काम कर रहे थे तभी निर्माणाधीन गोदाम का एक हिस्सा ढह गया, घटना की जानकारी मिलने के बाद वहां काम कर रहे अन्य मजदूर और मिल मालिक मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला. घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने जग्गू राम को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने इस मामले में मिल मालिक यशवंत राठी और ठेकेदार जोगा राव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है.




