सड़क किनारे पाइपलाइन का काम जारी होने से एक तरफा यातायात बंद होने की जानकारी, भारी वाहन की टक्कर की आशंका
घुग्घूस , चंद्रपुर : शुक्रवार, दिनांक 6 नवंबर 2026 की सुबह करीब 6 बजे शेनगांव फाटा-पांढरकवड़ा मार्ग पर भीषण सड़क दुर्घटना होने की जानकारी सामने आई है। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर हालत में पाए गए। इनमें से दो युवकों की मौत होने की भी जानकारी मिल रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रात से ही धानोरा टोल प्लाजा से शेनगांव फाटा तक सड़क किनारे एक निजी कंपनी की ओर से पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू था। इसी वजह से सड़क पर एक तरफ का यातायात बंद होने की बात बताई जा रही है।

चर्चा है कि इसी दौरान किसी भारी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी और वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना कैसे हुई और इसमें कितने लोग हताहत हुए, इसकी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।




