शास्त्रीनगर में पुलिस की कार्रवाई; करीब 3 हजार रुपये की धारदार तलवार बरामद
प्रणयकुमार बंडी
घुग्घूस, चंद्रपुर : चंद्रपुर जिले के घुग्घूस शहर के शास्त्रीनगर इलाके में पुलिस ने एक महिला के घर से कथित तौर पर अवैध रूप से रखी गई धारदार तलवार जब्त की है। इस मामले में लगभग 49 वर्षीय महिला के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 11:50 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शास्त्रीनगर क्षेत्र में एक महिला के घर में तलवार रखी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचों को बुलाकर उन्हें मामले की जानकारी दी और पुलिस दल के साथ संबंधित महिला के घर पहुंचकर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान घर के दूसरे कमरे में सीमेंट के बने सज्जे पर एक धारदार तलवार मिली। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा तैयार किया और तलवार को जब्त कर सीलबंद किया। इसके बाद महिला को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ घुग्घूस पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 315/2026 के तहत शस्त्र अधिनियम की धारा 4 एवं 25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
3 हजार रुपये की तलवार जब्त
पुलिस के अनुसार, जब्त तलवार स्टील जैसी धातु की दिखाई देती है। इसकी कुल लंबाई 32.5 इंच, धारदार पाते की चौड़ाई 1.3 इंच और मोटाई लगभग 1 सेंटीमीटर है। तलवार की मूठ 4.5 इंच लंबी बताई गई है। इसकी अनुमानित कीमत 3,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक प्रकाश राऊत के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक रवींद्र वाघ तथा अपराध जांच दल के पुलिसकर्मियों ने की। कार्रवाई में पुलिस हवलदार अनिल बैठा, विशाल हुड, पुलिस कर्मचारी सचिन वासडे, महेश भोयर और महिला पुलिस कर्मचारी प्रणाली सहित अन्य कर्मियों ने सहभाग लिया।
फिलहाल इस मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




