सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से आरोपी तक पहुंची पुलिस, ₹75 हजार की बाइक बरामद
Wardha City Police Crackdown: DB Squad Busts Motorcycle Theft Case
प्रणयकुमार बंडी
वर्धा : वर्धा शहर पुलिस थाने के डी.बी. पथक ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब ₹75 हजार कीमत की हीरो स्प्लेंडर कंपनी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता शाहाब मंसूरी इकबाल मंसूरी (23), निवासी सेलू, जिला वर्धा की हीरो कंपनी की स्प्लेंडर की मोटरसाइकिल क्रमांक MH-32 AV-0427, दि .10 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे से शाम 4 बजे के बीच जागा हॉस्पिटल, वर्धा परिसर से अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई थी। शिकायत के आधार पर वर्धा शहर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 1510/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक नागेशकुमार चतरकर ने विशेष पथक गठित किया। पथक ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ-साथ मुखबिरों से प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिला। इसके बाद पुलिस ने महेश (42), निवासी वालधूर, तहसील हिंगणघाट, जिला वर्धा, जो वर्तमान में वर्धा के गोल्ड प्लॉट, केजाजी चौक क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था, को हिरासत में लिया। पूछताछ और आगे की कार्रवाई के बाद उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभकुमार अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुनील महाडिक के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी नागेशकुमार चतरकर के नेतृत्व में डी.बी. पथक के पो.उप.नि.शरद गायकवाड़, प्रशांत वंजारी, नरेंद्र कांबळे, महेंद्र पाटील, वैभव जाधव और श्रावण पवार सहित पुलिस कर्मचारियों ने जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस के अनुसार, मामले की आगे की जांच जारी है और चोरी की अन्य घटनाओं में आरोपी की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।




