नारायणपुर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बाद आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ के कारण 50 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि इस हादसे में दो लड़कियों की दर्दनाक मौत हो गई। कई परिवारों को अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है और क्षेत्र में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि 28, 29 और 30 जुलाई को पूरे क्षेत्र में औसत से कई गुना अधिक बारिश हुई। उन्होंने बताया कि हालात बादल फटने जैसे बन गए थे, जिससे अचानक बाढ़ आ गई और व्यापक नुकसान हुआ।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा, “इस बाढ़ के कारण कई लोग अपने घरों से बेघर हो गए हैं। इलाके के सड़क और अन्य बुनियादी साधनों को भी नुकसान पहुंचा है। जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाने के प्रयास किए गए हैं और उन्हें राहत सामग्री का वितरण भी किया जा रहा है।”
प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्य तेज़ी से चला रहा है। साथ ही नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।




