रुद्रप्रयाग, उत्तराखंड : चारधाम यात्रा के दौरान पवित्र बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। दोनों धामों में भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं।
प्राप्त ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, अब तक 10,50,670 श्रद्धालुओं ने केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन कर पूजा-अर्चना की है। वहीं, 8,32,903 श्रद्धालुओं ने बद्रीनाथ धाम में भगवान बद्री विशाल के चरणों में शीश नवाया है।
चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा सुचारू दर्शन व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या से यह स्पष्ट है कि इस वर्ष चारधाम यात्रा को लेकर भक्तों में विशेष आस्था और उत्साह बना हुआ है।




