Wednesday, May 20, 2026

Breathe of Life Multipurpose Society UCO BANK- A/C- 09110110049020, IFSC : UCBA0000911, MICR CODE : 442028501

spot_img
spot_img

निष्पक्ष जांच, FIR और सबूत सुरक्षित रखने की मांग तेज, घुग्घुस पुलिस स्टेशन के बाहर परिजनों का जमावड़ा

म्हातारदेवी दुर्घटना मामले ने पकड़ा कानूनी मोड़

प्रणयकुमार बंडी

घुग्घुस, चंद्रपुर : घुग्घुस क्षेत्र के म्हातारदेवी गांव परिसर (निजी स्कूल के पास) में बुधवार, 20 मई 2026 को दोपहर लगभग 12 से 1 बजे के बीच हुई एक गंभीर दुर्घटना अब कानूनी और प्रशासनिक सवालों के केंद्र में आ गई है। चर्चा के अनुसार, सुरेश महादेव खोबरे (57) की ट्रैक्टर क्रमांक MH33 F4277 के ट्राले के नीचे दबकर घटनास्थल पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई?

हालांकि, घटना के तुरंत बाद जिस प्रकार की कार्रवाई हुई, उसने पूरे मामले को लेकर कई गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। परिजनों का आरोप है कि बिना पारदर्शी पंचनामा, बिना प्राथमिक जांच और बिना घटनास्थल की पूरी प्रक्रिया किए मृतक को तत्काल चंद्रपुर ले जाया गया। इसको लेकर शाम होते-होते गुस्साए परिजन घुग्घुस पुलिस स्टेशन पहुंचे और उन्होंने तीखी नाराजगी व्यक्त की।

परिजनों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मामले में संबंधित ठेकेदार, निजी कंपनी के अधिकारी तथा प्रबंधन की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है। उनका आरोप है कि घटना को दबाने, जिम्मेदार लोगों को बचाने तथा संभावित सबूतों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा सकता है।

मृतक परिवार की ओर से पुलिस प्रशासन के सामने कई गंभीर मांगें रखी गई हैं। इनमें घटना की निष्पक्ष, उच्चस्तरीय और स्वतंत्र जांच, संबंधित ठेकेदार, कंपनी अधिकारियों एवं प्रबंधन के खिलाफ सदोष मानवहत्या, सबूत मिटाने और अन्य लागू धाराओं के तहत तत्काल FIR दर्ज करने की मांग प्रमुख है। साथ ही घटनास्थल का विस्तृत पंचनामा, CCTV फुटेज सुरक्षित करना, वाहन की तकनीकी जांच तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तत्काल दर्ज करने की भी अन्य मांग है।

परिजनों ने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक प्राथमिक जांच और FIR की कार्रवाई पूरी नहीं होती, तब तक पोस्टमार्टम प्रक्रिया स्थगित रखी जाए। उनका कहना है कि यदि प्रशासन या संबंधित पक्ष द्वारा जल्दबाजी में पोस्टमार्टम कर मामले को दबाने का प्रयास किया जाता है, तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों पर होगी।

फिलहाल घुग्घुस पुलिस स्टेशन में मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस स्टेशन के बाहर मृतक परिवार और उनके करीबी लोगों की भारी भीड़ जमा है, जिससे क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बना हुआ है।

इसी बीच जिला पुलिस अधीक्षक का घुग्घुस दौरा भी चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय स्तर पर लोग इसे मामले की गंभीरता से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

कानूनी जानकारों का मानना है कि यदि किसी दुर्घटना में प्रथम दृष्टया लापरवाही, सुरक्षा नियमों की अनदेखी या सबूत प्रभावित करने की आशंका सामने आती है, तो पुलिस पर निष्पक्ष जांच और आवश्यक धाराओं के तहत कार्रवाई करना कानूनी जिम्मेदारी होती है। ऐसे मामलों में घटनास्थल की सुरक्षा, तकनीकी साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाते हैं।

फिलहाल पूरे मामले पर घुग्घुस और चंद्रपुर जिले की नजर टिकी हुई है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में केवल औपचारिक प्रक्रिया तक सीमित रहता है या फिर निष्पक्ष जांच के जरिए वास्तविक परिस्थितियों को सामने लाने का प्रयास करता है।

खबर लिखे जाने तक मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अधिक जानकारी प्राप्त होने की प्रक्रिया जारी थी।

spot_img

Pranaykumar Bandi

WhatsApp No - 9112388440
WhatsApp No - 9096362611
Email id: vartamanvarta1@gmail.com

RELATED ARTICLES
Today News

Breaking News

Crime News