Saturday, May 16, 2026

Breathe of Life Multipurpose Society UCO BANK- A/C- 09110110049020, IFSC : UCBA0000911, MICR CODE : 442028501

spot_img
spot_img

विकास के नाम पर खानापूर्ति? घुग्घुस की अंडरग्राउंड नालियों ने खोली निर्माण कार्यों की पोल

प्रणयकुमार बंडी

घुग्घुस, चंद्रपुर : शहर में करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई अंडरग्राउंड नालियों की वास्तविकता अब धीरे-धीरे जनता के सामने आने लगी है। कागजों में विकास के दावे करने वाले जिम्मेदारों से अब नागरिक सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर इन नालियों के निर्माण की गुणवत्ता की जांच किसने की? क्या बांधकाम विभाग के इंजीनियर और सुपरवाइजर ने कभी मौके पर जाकर काम की स्थिति देखने का कष्ट उठाया या सिर्फ फाइलों में ही निरीक्षण पूरा कर दिया गया?

शहर के अनेक हिस्सों में बनी अंडरग्राउंड नालियों की हालत बेहद खराब दिखाई दे रही है। कहीं ढक्कन टूटे हुए हैं, तो कई स्थानों पर नालियां बिना ढक्कन के खुली पड़ी हैं। कई जगह नालियां पूरी तरह जाम हो चुकी हैं, जिससे दुर्घटना और गंदगी का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसा ही एक गंभीर मामला लक्ष्मण फुटवियर के सामने देखने को मिला, जहां नाली की स्थिति लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बनी हुई है। विशेष बात यह है कि यह स्थान एक धार्मिक स्थल के ठीक सामने स्थित है और यह मार्ग दिनभर लोगों की आवाजाही से भरा रहता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों की ऐसी समस्याओं से संबंधित अधिकारी, नगर सेवक, नगर सेविका, सभापति और नगराध्यक्ष तक को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन स्थिति आज भी जस की तस बनी हुई है। जनता का आरोप है कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी शहर की मूल समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक दिखावे और अपने नेताओं को खुश करने में अधिक व्यस्त हैं।

नागरिकों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि जिन ठेकेदारों ने यह निर्माण कार्य किया, उन्हें भुगतान समय पर कर दिया गया होगा, लेकिन काम की गुणवत्ता पर किसी ने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं था तो संबंधित ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

शहरवासियों का कहना है कि यदि प्रशासन और जनप्रतिनिधि अपने राजनीतिक कार्यक्रमों और प्रचार से थोड़ा समय निकालकर शहर की बुनियादी समस्याओं पर ध्यान दें, तो घुग्घुस की तस्वीर बदल सकती है। खराब और टूटी नालियां सिर्फ सफाई व्यवस्था को प्रभावित नहीं कर रहीं, बल्कि यह मार्ग सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बनती जा रही हैं। आने वाले समय में यदि कोई बड़ा हादसा होता है, तो उसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी — यह सवाल अब जनता खुलकर पूछने लगी है।

spot_img

Pranaykumar Bandi

WhatsApp No - 9112388440
WhatsApp No - 9096362611
Email id: vartamanvarta1@gmail.com

RELATED ARTICLES
Today News

Breaking News

Crime News