(प्रणयकुमार बंडी)
घुग्घुस, चंद्रपुर : घुग्घुस के गांधी चौक परिसर में आज पारंपरिक तान्हा पोला उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने नंदी बैलों को आकर्षक सजावट कर प्रदर्शित किया। रंग-बिरंगे वस्त्र, आभूषण और फूलों से सजे बैल देखने वालों को बेहद भाए। इस दौरान बच्चों के साथ उनके माता-पिता भी उपस्थित रहे और पूरे माहौल में आनंद की छटा बिखरी रही।
कार्यक्रम की शुरुआत महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) द्वारा महाराष्ट्र गीत गाकर की गई। गीत प्रस्तुत किए जाने के समय उपस्थित नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने मिलजुलकर प्रतिसाद दिया। हालांकि, इस अवसर पर यह भी सामने आया कि घुग्घुस में अब भी बहुत कम लोगों को महाराष्ट्र गीत के महत्व और इसे गाने के कारण की जानकारी है।
समाज में यह मत प्रकट हुआ कि विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं समेत आम नागरिकों में भी महाराष्ट्र गीत के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। आने वाले समय में इस दिशा में प्रयास किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की गई।





