(प्रणयकुमार बंडी)
घुग्घुस, चंद्रपुर: घुग्घुस-वणी और घुग्घुस-तडाली की ओर जाने वाले मुख्य राजीव रतन चौक के सड़क मार्ग पर मौजूद खतरनाक गड्ढों को गुरुवार, 10 जुलाई को घुग्घुस पुलिस थाना, बीजेपी नेताओं और लॉयड्स मेटल्स कंपनी की पहल पर जेसीबी मशीन द्वारा अस्थायी रूप से भरा गया। इस काम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, और नागरिकों में इसकी चर्चा भी जोरों पर है।
हालांकि, जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। सड़क की स्थिति अब भी बेहद दयनीय बनी हुई है। बरसात के कारण जगह-जगह पानी भर गया है और बड़े-बड़े गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं। खासकर स्कूल जाने वाले छात्र, दोपहिया वाहन चालक और पैदल यात्री इन गड्ढों और जलभराव के कारण भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार मीडिया में भी इस मुद्दे को उठाया गया, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभागों ने इसे लगातार नजरअंदाज किया। निर्माणाधीन पुलिया का कार्य भी महीनों से बंद पड़ा है। ठेकेदार की ओर से केवल दिखावे के लिए गड्ढे कभी-कभी मिट्टी से भरे जाते हैं, पर स्थायी समाधान नहीं किया गया। इस पुल के अभाव में वैकल्पिक मार्ग की भी व्यवस्था नहीं है, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ती जा रही है।
अब जनता के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या नेताओं और प्रशासन की ओर से स्थायी समाधान लाया जाएगा या यह सब केवल दिखावा बनकर रह जाएगा? नागरिकों की नजर अब इस मुद्दे पर आने वाले ठोस कदमों पर टिकी हुई है।





