प्रयागराज, उत्तर प्रदेश: महाकुंभ 2025 में शनिवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा. महाकुंभ क्षेत्र में दिनभर भारी भीड़ देखने को मिली. शनिवार शाम तक करीब 1 करोड़ 30 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र संगम में डुबकी लगाई.
महाकुंभ के DIG वैभव कृष्ण ने जानकारी देते हुए बताया कि, “आज महाकुंभ में भक्तों की भारी भीड़ रही, लेकिन यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित रही. कहीं भी कोई यातायात चूक या अव्यवस्था की घटना सामने नहीं आई.”
DIG ने आगे बताया कि शनिवार को लगभग 1 लाख वाहन प्रयागराज में प्रवेश कर चुके हैं, जो एक बड़ी संख्या है. लेकिन प्रशासन ने बेहतरीन प्रबंधन के साथ यातायात को नियंत्रित किया.
रविवार और शिवरात्रि के लिए पूरी तैयारी
महाकुंभ में रविवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, क्योंकि महाशिवरात्रि पर्व को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह है. DIG वैभव कृष्ण ने कहा, “कल यानी रविवार और महाशिवरात्रि पर्व के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है. श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं.”
महाकुंभ में लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम किए हैं, जिससे श्रद्धालु सुगमता से स्नान और दर्शन कर सकें.




