नई दिल्ली: आज़ाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने अमेरिका में भारतीय नागरिकों के कथित अपमान को लेकर केंद्र सरकार और विदेश मंत्री पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि भारत में बढ़ती बेरोज़गारी के कारण ही हमारे नागरिक विदेशों में इस तरह के हालात झेल रहे हैं.
चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा, “हम लंबे समय से सुन रहे हैं कि विदेशों में भारत का डंका बज रहा है, लेकिन अमेरिका ने जिस तरह भारत का अपमान किया है, वह किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता. अगर अमेरिका से हमारे संबंध इतने अच्छे हैं, तो फिर भारतीय नागरिकों के साथ वहां इतना बुरा व्यवहार क्यों किया जा रहा है?”
उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विदेश मंत्री ने इस मुद्दे को घुमाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें स्पष्ट जवाब देना चाहिए. उन्होंने मांग की कि विदेश मंत्री इस गंभीर मामले की जिम्मेदारी लें और तत्काल इस्तीफा दें.
गौरतलब है कि हाल ही में अमेरिका में कुछ भारतीय नागरिकों के साथ कथित दुर्व्यवहार की खबरें सामने आई थीं, जिसके बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है और इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है.
https://x.com/AHindinews/status/1887744429806788660?t=jb6ApM_ibVUieiPhjY2uUg&s=19




