घुग्घुस (चंद्रपुर) : वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के वणी क्षेत्र में संचालित पैनगंगा, नायगांव, नीलजय, मुंगोली, कोलगांव खुली खदानों के साथ-साथ GOC स्टोर और अन्य स्थानों से लोहा, तांबा, ऑइल, डीजल एवं डीपी ऑइल की रात के समय खुलेआम चोरी हो रही है? इस तरह की घटनाएं कंपनी के लिए गंभीर आर्थिक नुकसान का कारण बन रही हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रही हैं.m
सुरक्षा व्यवस्था संदेह के घेरे में?
सूत्रों के अनुसार, वेकोलि की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर शंकाएं व्यक्त की जा रही हैं. यह कहा जा रहा है कि विशेष सुरक्षा बल और गश्ती दल की मौजूदगी के बावजूद चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. चर्चा है कि पेट्रोलिंग के कुछ देर बाद ही दो पिकअप वाहन चोरी किए गए भंगार को लेकर निकलते हैं. इनमें से एक वाहन वणी और दूसरा वाहन घुग्घुस की ओर जाता है.
भंगार माफियाओं से संबंध का आरोप?
स्थानीय चर्चाओं के मुताबिक, कुछ सुरक्षा रक्षकों की गतिविधियां संदेहास्पद हैं. कुछ सुरक्षा कर्मियों को कथित रूप से भंगार व्यवसाय से जुड़े लोगों के साथ घूमते हुए देखा गया है, जिससे संदेह गहराता जा रहा है कि सुरक्षा में सेंध लगाने में कहीं न कहीं अंदरूनी मिलीभगत हो सकती है.
जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग?
इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों और विजिलेंस विभाग को तत्काल निष्पक्ष जांच करनी चाहिए. यदि किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. कंपनी को आर्थिक नुकसान से बचाने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए कठोर कदम उठाने की आवश्यकता है. वेकोलि प्रबंधन को तत्काल सतर्कता बढ़ाकर चोरी की घटनाओं पर लगाम लगानी चाहिए.




